पाली : दिनदहाड़े लूट की कोशिश, बहादुर महिला और पड़ोसियों ने बदमाश को दबोचा

पाली : कोतवाली थाना क्षेत्र के बापू नगर कॉलोनी में एक बदमाश ने ज्वेलरी की दुकान मालिक की पत्नी के साथ दिनदहाड़े लूट का प्रयास किया। आरोपी ने महिला को घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी और गहने और पैसे की मांग की।
घटना करीब 12 बजे की है, जब महिला घर में अकेली थी। आरोपी ने महिला के सिर पर एयरगन तानी और गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने किसी तरह पड़ोसियों को मदद के लिए पुकारा, और इस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
पीड़ित महिला गुंजन के पति कैलाश की हेमावास गांव में ज्वेलरी की शॉप है, जबकि महिला घर पर अकेली थी। आरोपी ने महिला से कहा कि उसके पति को पैसे देने हैं, लेकिन जैसे ही महिला ने गेट खोला, बदमाश ने उसे धक्का देकर गिरा दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गुजरात का रहने वाला है और करीब 15 दिन पहले रैकी करके महिला और उसके परिवार के बारे में सारी जानकारी जुटा चुका था। पुलिस ने आरोपी से एयरगन भी बरामद कर ली है।



