पाली : धूमधाम से मनाई गई बाबा साहेब की जयंती, संविधान के मूल्यों को अपनाने का लिया संकल्प

पाली : भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर पाली जिला मुख्यालय में श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। अम्बेडकर सर्किल पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद पी.पी. चौधरी और जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. बजरंग सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा सहित कई गणमान्य लोगों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

जयंती के उपलक्ष्य में जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां जिला कलेक्टर द्वारा बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया गया। साथ ही उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने तथा संविधान के प्रति निष्ठा रखने का संकल्प लिया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन में संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे माहौल में देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश गूंज उठा।




