पाली : मिलावटखोरों पर बड़ा शिकंजा, डेयरियों और दुकानों से घी के सैंपल जब्त, 27 टीन बिक्री पर रोक

पाली : पाली जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई दुकानों से घी के सैंपल लिए हैं। इस कार्रवाई के दौरान संदिग्ध घी के स्टॉक को जब्त करते हुए विक्रय पर भी रोक लगाई गई है।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के निर्देशानुसार ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। संपर्क पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर पाली शहर की इंद्रा कॉलोनी स्थित भुवाल माता डेयरी एंड जनरल स्टोर से घी का सैंपल लिया गया। वहीं भीखाजी नगर कोसलाव स्थित शिव शक्ति किराना स्टोर पर नकली घी की आशंका के चलते कृष्णा, सरस और अमूल ब्रांड के कुल 4 सैंपल लिए गए और मौके पर रखे 27 टीन घी को बेचने पर रोक लगा दी गई।

इसके अलावा भारत सरकार से प्राप्त शिकायत के आधार पर खिंवाड़ा में स्थित विधाता सुपर मार्केट पर भी टीम ने छापेमारी की। यहां सरस से मिलते-जुलते चार अलग-अलग ब्रांड के घी के सैंपल लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश चंद शर्मा ने बताया कि शादी-विवाह और धार्मिक आयोजनों के सीजन को देखते हुए विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है। आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि खिंवाड़ा क्षेत्र में श्री श्याम सरस, धेनु सरस, गो अमृत सहित कई ब्रांड के घी के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने सभी व्यापारियों को सख्त चेतावनी दी है कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का पालन करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से पाली जिले में मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है और विभाग का अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है।



