google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : कचरा प्रबंधन पर कलेक्टर सख्त, प्लांट निरीक्षण के बाद दिए सुधार के निर्देश, कम्पोस्ट गुणवत्ता पर खास फोकस

पाली : पाली में शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। मंगलवार को जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने नगर निगम के कचरा प्रबंधन प्लांट का औचक निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की और कई अहम निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्लांट में चल रही प्रक्रियाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस मौके पर रॉल्स इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधि और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि कलेक्टर ने प्लांट के संचालन की बिंदुवार समीक्षा करते हुए इसे और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूती मिल सके।

कलेक्टर ने विशेष रूप से प्लांट में तैयार हो रही कम्पोस्ट खाद की गुणवत्ता पर जोर देते हुए नियमित लैब परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि खाद निर्धारित मानकों पर खरी उतरती है, तो किसान सम्मेलनों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल सके।

इसके साथ ही उन्होंने तैयार कम्पोस्ट खाद के उपयोग को नगर के उद्यानों और वन विभाग की नर्सरियों में बढ़ाने का सुझाव दिया। वहीं कपड़ा उद्योग से निकलने वाले अपशिष्ट के पुनः उपयोग और सीमेंट फैक्ट्रियों में ऊर्जा उत्पादन की संभावनाओं पर भी काम करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम जल्द लागू करने के निर्देश दिए।

नगर निगम द्वारा कचरा प्रबंधन को लेकर किए जा रहे इन प्रयासों से न केवल पाली शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा और आमजन को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button