पाली : वरिष्ठ नागरिक समिति की बैठक, अंबेडकर के विचारों पर मंथन, समाज को दिया संदेश

पाली : पाली में वरिष्ठ नागरिक समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को करण सिंह की चाली में आयोजित की गई, जिसमें संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, सिद्धांतों और उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संरक्षक डॉ. के.एम. शर्मा ने की।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने बाबा साहब के विचारों को आज के समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आयोजित विचार गोष्ठी में सामाजिक और ऐतिहासिक विषयों पर भी गहन चर्चा हुई।
हिमताराम फुलवरिया ने डॉ. अंबेडकर के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके संघर्ष और उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंने अग्निशमन दिवस और गुरु गोविंद सिंह जयंती के महत्व पर भी विचार व्यक्त किए।
गणपत सिंह दैय्या ने गौतम बुद्ध और उनका धम्म तथा त्रिपिटक में वर्णित ज्ञान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके आध्यात्मिक और सामाजिक संदेशों को साझा किया।
समाजसेवी कांतिलाल मुथा ने बाबा साहब को आधुनिक भारत का सच्चा सेवक बताते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। वहीं राजेश अरोड़ा ने वृद्धावस्था को जीवन का महत्वपूर्ण चरण बताते हुए कहा कि इस समय व्यक्ति को सरल, स्वच्छंद और सकारात्मक जीवन जीना चाहिए।
कार्यक्रम में गौतम यती, रामजीवन तापड़िया, सुरेश कुमार जालोरा, गोपी किशन माहेश्वरी, विष्णु कुमार गोयल, अशोक कुमार शर्मा, वृद्धिचंद मेवाड़ा, लूण सिंह राठौड़, चिमनलाल वर्मा, घीसालाल अणक्या, ओटाराम सोलंकी, प्रमोद कुमार माथुर और सुरेश मोहन शर्मा सहित अनेक सदस्यों ने भाग लिया।
अंत में अध्यक्ष डॉ. के.एम. शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस आयोजन को समाज में जागरूकता बढ़ाने और अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



