पाली में स्वच्छता पर बड़ा एक्शन प्लान, GB पॉइंट होंगे बंद, डोर-टू-डोर कलेक्शन को मिलेगा जोर

पाली : पाली शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी/अधिशासी अभियंता कलिम जी अशरफ के नेतृत्व में आयोजित बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
बैठक में नगर निगम के सभी निरीक्षक और WEVOIS (IEC) टीम के सदस्य, जिनमें महेश कुमार भी शामिल रहे, मौजूद थे। इस दौरान शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कचरा संग्रहण प्रणाली को मजबूत किया जाए और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए मोबाइल वाहनों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में कचरा जमा न हो।

सबसे अहम निर्णय के तहत शहर के सभी GB पॉइंट (गार्बेज बिन प्वाइंट) को चरणबद्ध तरीके से स्थायी रूप से बंद (Permanent Close) करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही वहां कचरा डालने की पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह खत्म करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा CTU पॉइंट (कलेक्शन एंड ट्रांसफर यूनिट) पर कचरे के उचित प्रबंधन और शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अधिकारियों ने सभी कार्मिकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग करने और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि पाली को साफ, सुंदर और स्वच्छ शहर के रूप में विकसित किया जा सके। प्रशासन के इस सख्त रुख से साफ है कि आने वाले समय में पाली में स्वच्छता व्यवस्था में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।



