पाली : भंसाली कन्या महाविद्यालय में विश्व कला दिवस पर रंगों का उत्सव, छात्राओं की सृजनात्मकता ने बिखेरा जलवा

पाली : पाली के भंसाली कन्या महाविद्यालय में विश्व कला दिवस के अवसर पर ड्राइंग एवं पेंटिंग विभाग द्वारा भव्य एवं रचनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिसर रंगों, कला और सृजनात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
इस वर्ष की थीम “अभिव्यक्ति का उद्यान : कला के माध्यम से समुदाय का विकास” को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में स्टाफ सदस्यों और छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. विनीता कोका के प्रेरणादायक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कला के महत्व और उसकी अभिव्यक्ति पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को रचनात्मकता के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर ज्योति शर्मा ने विश्व कला दिवस के महत्व को समझाते हुए बताया कि यह दिन महान कलाकार लियोनार्दो दा विंची की जयंती के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने छात्राओं को कला के विभिन्न आयामों से भी अवगत कराया।
कार्यक्रम के तहत रंगों पर आधारित अंताक्षरी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें “मोनालिसा ग्रुप” और “बणी-ठणी ग्रुप” के बीच रोचक प्रतिस्पर्धा हुई। इसके अलावा फिंगरप्रिंट से सामूहिक पेंटिंग और रंगों से जुड़े विभिन्न खेलों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया।

ड्राइंग एवं पेंटिंग विभाग की प्रोफेसर लीला चौधरी और ज्योति शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम ने छात्राओं की प्रतिभा को मंच प्रदान किया। साथ ही अन्य स्टाफ सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि “कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और सोच को नई दिशा देने का सशक्त साधन है।” रंगों और रचनात्मकता से भरे इस आयोजन ने महाविद्यालय में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हुए इसे एक यादगार और प्रेरणादायक अनुभव बना दिया।




