पाली में स्वच्छता अभियान तेज, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, एक दिन में 6700 रुपए का जुर्माना

पाली : पाली शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष स्वच्छता अभियान तेज कर दिया है। जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के निर्देश और नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज के आदेश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
स्वास्थ्य शाखा और निरीक्षण टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण करते हुए कचरा फैलाने और प्लास्टिक उपयोग करने वालों पर जुर्माना लगाया।

स्वास्थ्य निरीक्षक कालुराम आदिवाल ने मिल क्षेत्र के पीछे कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई करते हुए 2000 रुपए का जुर्माना वसूला। वहीं कानाराम रल ने पुरानी सब्जी मंडी/धानमंडी क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर 3000 रुपए का जुर्माना लगाया।
इसी क्रम में निरीक्षक राजेश आदिवाल ने मिलगेट जोधपुर रोड क्षेत्र में कचरा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1700 रुपए का जुर्माना वसूला। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 6700 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान टीम ने आमजन को स्वच्छता बनाए रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक भी किया।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और शहरवासियों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा स्वच्छता अभियान में सहयोग करें। नगर निगम की इस सख्ती से साफ है कि अब पाली में गंदगी फैलाने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।



