पाली : भीषण गर्मी के बीच सेवा पहल, 194 जरूरतमंदों को राशन वितरण, लू से बचाव के दिए संदेश

पाली : पाली में बढ़ती भीषण गर्मी के बीच जरूरतमंदों की सहायता के लिए एक सराहनीय पहल सामने आई है। संस्था द्वारा मासिक गरीब राशन कार्ड योजना के तहत 194 अति जरूरतमंद लोगों को राशन सामग्री वितरित की गई। इस दौरान आमजन को लू और गर्मी से बचाव के लिए भी जागरूक किया गया।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. एम.एस. लोढ़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अम्बालाल सोंलकी और उपाध्यक्ष केवलचन्द कवाड़ ने कहा कि भीषण गर्मी में दोपहर के समय बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है। उन्होंने लोगों को ताजा भोजन, छाछ, इमली का पानी और प्राकृतिक आहार लेने की सलाह देते हुए कृत्रिम पेय पदार्थों से दूर रहने की अपील की।

संस्था के प्रवक्ता देवराज शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना को देखते हुए चिकित्सा विशेषज्ञों और सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है, खासकर गरीब, बुजुर्ग और कमजोर वर्ग के लोगों को।
कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष गुरुचरण हेड़ा, प्रभारी रमेश चन्द्र शर्मा, ढलाराम जांगिड़, डॉ. बंशीलाल शर्मा, कंवरलाल मंडोरा, केशर सिंह राजपुरोहित सहित कई समाजसेवियों ने सहयोग दिया। वहीं व्यवस्थापक विजय नाथ और जेठूसिंह राजावत ने छाया और ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष डॉ. लोढ़ा ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए लोगों से मूक पशु-पक्षियों के लिए भी चारा और पानी की व्यवस्था करने की अपील की। यह पहल न केवल जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने वाली रही, बल्कि भीषण गर्मी के बीच जनजागरूकता का भी महत्वपूर्ण संदेश देने में सफल रही।



