google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Jodhpurदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जोधपुर रेल मंडल में बड़ा अपग्रेड, समदड़ी-मोदरान सेक्शन पर ट्रेनों की स्पीड 110 किमी/घंटा, सफर होगा तेज और आरामदायक

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे ने जोधपुर मंडल में रेल संचालन को और अधिक तेज व आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। समदड़ी-मोदरान रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम गति 100 किमी प्रति घंटा से बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा कर दी गई है, जिससे यात्रियों को अब पहले से तेज और बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि समदड़ी-भीलड़ी रेलखंड के अंतर्गत समदड़ी से मोदरान (किमी 0.00 से 93.690) तक यह स्पीड अपग्रेड लागू किया गया है।

उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि रेलवे द्वारा किए गए व्यापक तकनीकी सुधारों का परिणाम है। इसमें आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम की स्थापना, ट्रैक का सुदृढ़ीकरण, विद्युतीकरण और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड शामिल हैं। साथ ही इस रूट पर लागू अस्थाई और स्थाई गति प्रतिबंधों को भी हटाया गया है, जिससे ट्रेनों का संचालन अब अधिक सुचारू हो सकेगा।

नई तकनीक से लैस अत्याधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली के कारण न केवल ट्रेनों की मूवमेंट बेहतर हुई है, बल्कि सुरक्षा और संचालन की विश्वसनीयता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

रेलवे के अनुसार इस स्पीड अपग्रेड का सबसे बड़ा फायदा यात्रियों को मिलेगा। यात्रा समय में कमी आएगी, समयपालन बेहतर होगा और सफर के दौरान झटकों में भी कमी आएगी, जिससे यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी।

इसके अलावा इस रेलखंड की लाइन क्षमता भी बढ़ी है, जिससे एक निश्चित समय में अधिक ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा। इससे यात्री ट्रेनों के साथ-साथ मालगाड़ियों के संचालन को भी गति मिलेगी। रेलवे विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार, उद्योग व पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह कदम उत्तर पश्चिम रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत यात्रियों को सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय यात्रा अनुभव देने पर लगातार काम किया जा रहा है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button