सोजत सिटी में स्वच्छता कर्मियों के लिए हेल्थ कैंप, ‘सम्मान एवं सुरक्षा सप्ताह’ में सैकड़ों की जांच, दवाइयों का वितरण

पाली : डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में ‘सम्मान एवं सुरक्षा सप्ताह’ के तहत सोजत सिटी नगर पालिका परिसर में स्वच्छता साथियों के लिए विशेष हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मियों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच करवाई।
इस दौरान चिकित्सकों की टीम ने ब्लड प्रेशर, शुगर सहित विभिन्न आवश्यक जांचें कीं और स्वच्छता कर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के साथ दवाइयां भी उपलब्ध कराईं।

शिविर का आयोजन अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर के निर्देशन में किया गया। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित देखभाल सुनिश्चित करना और उनके योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करना है।
कार्यक्रम में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता के मार्गदर्शन में चिकित्सा विभाग की टीम और नगर पालिका के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

प्रशासन ने स्वच्छता कर्मियों की सेवाओं की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजन जारी रखने का आश्वासन दिया। यह शिविर स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



