पाली : संभाग स्तरीय योगा प्रतियोगिता का आगाज़ कल से, 100 से अधिक प्रतिभागी दिखाएंगे दम

पाली : शिक्षा मंत्रालय (भारत सरकार) के अधीन संचालित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोजावर में 21 से 23 अप्रैल तक संभाग स्तरीय योगा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 21 अप्रैल को सुबह 9 बजे विद्यालय सभागार में होगा।
विद्यालय के प्राचार्य डी.सी. गुप्ता ने बताया कि उद्घाटन समारोह में सीबीईओ सोजत सिटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि सुमेरपुर सामुदायिक चिकित्सालय से एमडी डॉ. कुलदीप देवड़ा एवं केन्द्रीय विद्यालय देवगढ़ के प्राचार्य विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
इस प्रतियोगिता में जयपुर संभाग के विभिन्न संकुलों से चयनित टीमें भाग लेंगी। इसमें दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान क्षेत्र के प्रतिभागी शामिल होंगे। कुल 54 छात्र एवं 54 छात्राएं योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए राज्य स्तर के अनुभवी निर्णायकों और कोचों की नियुक्ति की गई है। आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की योगा प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
विद्यालय प्रशासन ने प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर भी देगा।



