google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : कलेक्टर की सख्त समीक्षा बैठक, लंबित कार्यों पर तेजी लाने के निर्देश, बिजली-पानी से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक फोकस

पाली : जिला परिषद सभागार में सोमवार को जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में प्रशासनिक सख्ती साफ नजर आई। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में पीडब्ल्यूडी की बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत कार्यों का मूल्यांकन करते हुए अधूरे प्रोजेक्ट्स को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। देवनारायण बालक आवासीय विद्यालय बाली व सुमेरपुर की स्थिति की भी समीक्षा की गई। साथ ही अटल प्रगति पथ और पीएमजीएसवाई सड़कों के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच कर उन्हें और सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए पीएचसी और सीएचसी की नियमित निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने, ओपीडी में डॉक्टरों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने, कूलर-पंखे और नाम पट्टिकाओं की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। आईपीडी में नियमित राउंड ड्यूटी और नर्सिंग स्टाफ की बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।

सीएमएचओ विभाग की योजनाओं—लाडो योजना, मां वाउचर योजना और संपर्क पोर्टल—की समीक्षा करते हुए “शुद्ध आहार” अभियान के तहत मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा में पीएम सूर्य घर और कुसुम योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तीन घंटे से अधिक बिजली बाधित होने पर आमजन को सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से पूर्व सूचना दी जाए। साथ ही नए ट्रांसफार्मर स्थापना और विद्युत लाइनों की प्रगति पर भी जोर दिया गया।

जलदाय विभाग को जल जीवन मिशन और अमृत योजना के तहत सड़कों की खुदाई का कार्य 30 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। समर कंटीजेंसी 2026 की तैयारियों और हैंडपंप मरम्मत अभियान की भी समीक्षा की गई।

वन विभाग, सामाजिक न्याय, आईसीडीएस, शिक्षा, खनन, रसद और पशुपालन विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अवैध खनन रोकने, पोषण ट्रैकर रिपोर्ट सुधारने, बाल गोपाल दूध योजना और यूनिफॉर्म वितरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने राज संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का 24 घंटे में निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की ब्लॉकवार सूची तैयार कर नियमित मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, सीईओ जिला परिषद मुकेश चौधरी, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button