google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली : बाल विवाह रोकथाम को लेकर प्रशासन अलर्ट, स्कूलों में चलाया जागरूकता अभियान

पाली : अक्षय तृतीया और पीपल पूर्णिमा जैसे अवसरों पर संभावित बाल विवाह की घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग, पाली के तहत संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट द्वारा सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।

जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी एवं बाल अधिकारिता विभाग, जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान के तहत सोसायटी क्षेत्र और राजेंद्र नगर स्थित निजी विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सहायक निदेशक डॉ. टीना अरोड़ा ने बताया कि कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को बाल अधिकार, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम और पॉक्सो कानून की विस्तृत जानकारी दी गई।

चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर योगेंद्र सिंह राठौड़, सुपरवाइजर विनय कुमार और दर्शन सामारिया ने उपस्थित सभी को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई और समाज में इस कुप्रथा के खिलाफ सजग रहने का आह्वान किया।

अभियान का उद्देश्य आमजन विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को जागरूक कर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से खत्म करना है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध बाल विवाह की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button