पाली : गंदगी फैलाने वालों पर निगम का डंडा, माहेश्वरी भवन पर 5 हजार जुर्माना

पाली : शहर में स्वच्छता को लेकर नगर निगम अब सख्त मोड में नजर आ रहा है। जिला कलक्टर एवं नगर निगम प्रशासक के निर्देशों पर आयुक्त नवीन भारद्वाज के नेतृत्व में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
मंगलवार को रामनगर क्षेत्र में सड़क किनारे झूठा भोजन और कचरा फैलाने के मामले में माहेश्वरी भवन संचालक पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि अप्रैल माह में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, बिक्री और कचरा फैलाने के मामलों में कुल 47,300 रुपए का जुर्माना वसूला जा चुका है। इसके अलावा 22 अपंजीकृत मैरिज गार्डनों को नोटिस जारी कर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

शहर में सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर एक सेंट्रल गैंग का गठन किया गया है, जो शिकायतों का त्वरित समाधान करेगा। आमजन 91459-21301 व्हाट्सएप नंबर पर सफाई संबंधी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
नगर निगम द्वारा शहर में कचरा स्टैंड (जीवीपी पॉइंट) की संख्या घटाने के तहत अब तक 7 कचरा स्टैंड हटाए जा चुके हैं। इन स्थानों पर दोबारा कचरा डालने से रोकने के लिए बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं और नियमित निगरानी की जा रही है।
आयुक्त ने चेतावनी दी है कि शिकायत के बाद भी यदि कोई व्यक्ति या प्रतिष्ठान दोबारा गंदगी फैलाता पाया गया तो उसके खिलाफ जुर्माना और चालान की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नालों में कचरा न डालें, सिंगल यूज प्लास्टिक और पेपर कप का उपयोग बंद करें तथा कचरा केवल निर्धारित कचरा वाहनों में ही डालें, ताकि पाली को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाया जा सके।



