जोधपुर रेल मंडल की हरित पहल, 1700 kWp सोलर प्लांट से सालाना 24.82 लाख यूनिट बिजली बचत

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के तहत वर्ष 2025-26 में मंडल में कुल 1700 किलोवाट पीक (kWp) क्षमता के सोलर प्लांट सफलतापूर्वक स्थापित कर संचालित किए जा चुके हैं।
इन सोलर प्लांट्स के माध्यम से प्रतिवर्ष करीब 24.82 लाख यूनिट बिजली की बचत होने का अनुमान है। इससे न केवल ऊर्जा लागत में कमी आएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। रेलवे की यह पहल ग्रीन एनर्जी के अधिकतम उपयोग की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
डीआरएम ने जानकारी दी कि इसके अलावा 150 kWp क्षमता के अतिरिक्त सोलर प्लांट भी विभिन्न स्थानों पर लगाए जा चुके हैं, जिनकी कमिश्निंग का कार्य तेजी से जारी है। इनके शुरू होने के बाद मंडल की ऊर्जा उत्पादन क्षमता में और वृद्धि होगी।

रेलवे की यह हरित पहल कार्बन उत्सर्जन को कम करने के साथ-साथ सतत विकास को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जोधपुर मंडल का यह प्रयास अन्य रेल मंडलों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकता है।
पृथ्वी दिवस के अवसर पर अनुराग त्रिपाठी ने संदेश देते हुए कहा कि “पृथ्वी हमारे अस्तित्व का आधार है और इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छता और ऊर्जा के प्रति जागरूक रहकर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।” उन्होंने सभी से हरित ऊर्जा को अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।



