पाली: कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने की जनसुनवाई, जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनसेवा की मंशा के अनुरूप मंगलवार को कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने पाली के विधायक कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में विद्युत विभाग, नगर पालिका, जल संसाधन विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री कुमावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि बिजली की अनावश्यक कटौती न हो और जनता को समय पर पेयजल मिल सके। जनसुनवाई के दौरान उपस्थित अधिकारियों में ईओ नरपत सिंह राजपुरोहित, जल संसाधन विभाग सुमेरपुर के सहायक अभियंता अक्षय कुमावत, और विद्युत विभाग के अधिकारी शामिल थे।

इसके बाद मंत्री कुमावत ने अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान तखतगढ़ नगर पालिका का दौरा किया। उन्होंने वहां सार्वजनिक तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य, बस स्टैंड के आंतरिक मार्गों और नाला निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने, निर्माण में तेजी लाने और समय-सीमा के भीतर प्रोजेक्ट पूरे करने के निर्देश दिए।



