गर्मी की भीड़ को लेकर जोधपुर स्टेशन पर सख्ती, डीआरएम का औचक निरीक्षण, खामियों पर दिए कड़े निर्देश

जोधपुर : ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने मंगलवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों को बेहतर एवं उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
डीआरएम ने स्टेशन पर पेयजल, स्वच्छता, प्रतीक्षालय, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और टिकट व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की गहन जांच की। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों का आकस्मिक निरीक्षण कर यात्रियों से सीधा संवाद करते हुए फीडबैक भी लिया।

उन्होंने ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (ओबीएचएस) और क्लीन ट्रेन सिस्टम (सीटीएस) से जुड़े अधिकारियों को सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राइमरी ट्रेन मेंटेनेंस को लेकर गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि स्टेशन परिसर में स्वच्छता के सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। वहीं, स्टेशन पुनर्विकास के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

डीआरएम ने स्पष्ट किया कि गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए और यात्रियों को बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के बाद डीआरएम ने कार्यालय सभागार में बैठक लेकर यात्री सुविधाओं और सफाई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान कैरेज एंड वैगन, पावर, ईएनएचएम और वाणिज्य विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर बेहतर समन्वय के निर्देश दिए।
रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




