वंदे भारत एक्सप्रेस में मिली नकदी से भरे बैग लौटाकर टीटीई ने पेश की ईमानदारी की मिसाल

जोधपुर : जोधपुर से दिल्ली कैंट जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में मिले दो लावारिस ट्रॉली बैग को सुरक्षित बरामद कर जोधपुर मंडल के टीटीई ने ईमानदारी का सराहनीय उदाहरण पेश किया है।
सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि बुधवार को ट्रेन संख्या 26481 जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच C-6 में टिकट जांच के दौरान जोधपुर के एसटीटीई सलमान खान को गेट के पास दो लावारिस बैग मिले। तलाशी लेने पर बैग में कपड़े, मिठाई के डिब्बे, गिफ्ट आइटम के साथ करीब 35 हजार रुपए नकद बरामद हुए।
टीटीई ने तत्परता दिखाते हुए बैग को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और जोधपुर वाणिज्य नियंत्रण कार्यालय के समन्वय से आरपीएफ अलवर को सुपुर्द कर दिया। जांच में सामने आया कि बैग यात्री राजेश मोदी के हैं, जिनका टिकट जयपुर से दिल्ली कैंट तक का था।
बताया गया कि यात्री ट्रेन में सवार नहीं हो सके, लेकिन उनका सामान पहले ही ट्रेन में चढ़ा दिया गया था। ट्रेन रवाना होने के बाद उन्होंने ‘रेल मदद’ ऐप के माध्यम से रेलवे को इसकी सूचना दी।
इधर टीटीई सलमान खान ने एचएचटी मशीन की सहायता से यात्री का संपर्क नंबर प्राप्त कर उनसे बात की और पुष्टि के बाद पूरा सामान सुरक्षित रूप से आरपीएफ को सौंप दिया गया।
अपना सामान सुरक्षित मिलने पर यात्री ने रेलवे प्रशासन और संबंधित कर्मचारी का आभार व्यक्त किया। यह घटना रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी और जिम्मेदारी का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।



