सिवास स्कूल में ‘कोर्ट वाली दीदी’ अभियान, साइबर फ्रॉड, बाल विवाह रोकथाम और डिजिटल सुरक्षा पर छात्रों को किया जागरूक

पाली। सिवास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ‘कोर्ट वाली दीदी’ अभियान के तहत विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, बाल अधिकार और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पीईईओ कालूराम मेघवाल एवं खिंवाड़ा थाना प्रभारी एएसआई वरद सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुआ। शिविर में तालुका विधिक सेवा समिति देसूरी के अधिकार मित्र (पीएलवी) हितेश सोनी ने ‘ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
उन्होंने छात्रों को “क्लिक करने से पहले सोचो” का संदेश देते हुए अनजान लिंक से बचने, इंटरनेट पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने और डिजिटल फुटप्रिंट के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

शिविर में साइबर अपराधों से बचाव के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी एएसआई वरद सिंह चौहान ने छात्रों को आगाह किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना पासवर्ड या ओटीपी साझा न करें और संदिग्ध कॉल या मैसेज से सतर्क रहें।
इस दौरान बाल विवाह रोकथाम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, मूल अधिकार एवं कर्तव्यों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए मूक पक्षियों के लिए परिंडे लगाने का आह्वान भी किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य कालूराम मेघवाल, पीएलवी हितेश सोनी, सोहनलाल, हितेश पुरोहित, सुरेश कुमार, रमेश कुमार, नरपतलाल, सुमन, नारायण सिंह सहित विद्यालय स्टाफ, पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।



