पाली : ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान, लस्सी कॉर्नर पर छापा, गंदगी और नियम उल्लंघन पर सैंपल जब्त

पाली : चिकित्सा विभाग की खाद्य सुरक्षा टीम ने ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत बुधवार को पाली शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लस्सी कॉर्नर पर औचक निरीक्षण किया।
सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल के निर्देशानुसार चल रहे इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप सिंह यादव ने लोढ़ा स्कूल के पास स्थित प्रतिष्ठान की जांच की। निरीक्षण के दौरान रसोई में भारी गंदगी पाई गई, वहीं खाद्य सामग्री के पास कॉकरोच मारने की दवाई रखी हुई मिली, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन है।

स्थिति को देखते हुए टीम ने मौके से टूटी-फूटी, मिल्क क्रीम और अनानास फ्रूट क्रश के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटखोरों पर सख्ती करना है।




