मानव एकता दिवस पर पाली में भव्य रक्तदान शिविर व दिव्य सत्संग 24 अप्रैल को, हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना

पाली : मानव एकता और सेवा भावना को समर्पित ‘मानव एकता दिवस’ के अवसर पर 24 अप्रैल को पाली में संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में भव्य रक्तदान शिविर एवं दिव्य सत्संग का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के आशीर्वाद से आयोजित हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर सेवा और आध्यात्मिकता का संदेश प्रसारित करेंगे।
यह पावन दिवस बाबा गुरबचन सिंह जी एवं चाचा प्रताप सिंह जी की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने अपने जीवन में सेवा, त्याग और मानवता के आदर्श स्थापित किए। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भक्ति, सत्संग और सेवा के माध्यम से आत्मिक शांति और एकत्व का अनुभव करेंगे।
संत निरंकारी मिशन पिछले चार दशकों से रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी रहा है और देशभर में हजारों शिविरों के माध्यम से अनगिनत लोगों को जीवनदान दे चुका है। इसी कड़ी में पाली स्थित बाईसी बगीची, माली समाज भवन (करणी माता मंदिर के सामने, लोडिया की पाल स्टेशन रोड) पर प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में बांगड़ अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम सेवाएं प्रदान करेगी।
मिशन की स्थानीय इकाई के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य केवल रक्तदान ही नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश फैलाना भी है। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस सेवा यज्ञ का हिस्सा बनने का आह्वान किया गया है।
यह आयोजन पाली में सामाजिक सेवा और आध्यात्मिक जागृति का एक बड़ा केंद्र बनने जा रहा है, जहां मानवता, सेवा और एकता का संदेश पूरे समाज तक पहुंचेगा।



