google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliखेलदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

जोजावर नवोदय में संभाग स्तरीय योगा प्रतियोगिता का भव्य समापन, विजेताओं का सम्मान और राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन

पाली : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जोजावर में 21 से 23 अप्रैल तक आयोजित संभाग स्तरीय योगा प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन हो गया। समापन समारोह विद्यालय सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें देसूरी के सीबीईओ मोहनलाल बलाई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। प्राचार्य डी.सी. गुप्ता एवं उपप्राचार्य राजपाल ने अतिथियों का शिरोपाव एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्रतियोगिता में जयपुर, करनाल और उदयपुर संकुल से आए कुल 106 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के छात्र हर्ष ने कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं विद्यालय की छात्राओं ने भी मनमोहक नृत्य से कार्यक्रम में रंग भर दिए। गुरुग्राम से आए शिक्षक दिनेश ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे उत्कृष्ट बताया।

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में विजेताओं ने शानदार प्रदर्शन किया। 14 वर्ष वर्ग में रेवाड़ी के मयंक एवं उदयपुर की भूमिका, 17 वर्ष वर्ग में बांसवाड़ा के सुहाग सुमन एवं झालावाड़ की लक्ष्मी, तथा 19 वर्ष वर्ग में जयपुर के गगन मीणा एवं गुरुग्राम की प्रीति तिवारी विजेता रहे।

कार्यक्रम के दौरान आगामी अगस्त माह में होशियारपुर (पंजाब) में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभागियों की घोषणा भी की गई। चयनित खिलाड़ी अब संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मुख्य अतिथि मोहनलाल बलाई ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में योग स्वस्थ जीवन की कुंजी है और इसे दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की।

अंत में उपप्राचार्य राजपाल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक मोहनलाल बेड़ा ने किया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button