पाली : गैस की किल्लत के बीच बड़ी कार्रवाई, 80 सिलेंडर से भरा संदिग्ध वाहन जब्त, कालाबाजारी की आशंका

पाली : देशभर में गैस संकट के बीच पाली शहर में कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रसद विभाग ने गुरुवार को ब्यावर की ओर से आए एक संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की, जिसमें करीब 80 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर भरे हुए पाए गए। दस्तावेज अधूरे मिलने पर विभाग ने वाहन को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शहर में गैस की भारी किल्लत के चलते उपभोक्ताओं को एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। ऐसे हालात में ढाबों और नाश्ते की दुकानों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। इसी बीच अवैध रूप से सिलेंडरों की सप्लाई कर मोटी कमाई करने के मामले सामने आ रहे हैं।
रसद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए वाहन के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले, जिससे अवैध परिवहन और कालाबाजारी की आशंका मजबूत हो गई है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस तरह के सिलेंडर पहले भी पाली में लाकर बेचे जा चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई थी। इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि गैस की कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।
प्रशासन से मांग उठ रही है कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई कर यह सुनिश्चित किया जाए कि घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके।



