भीषण गर्मी में ठेला चालकों को राहत, महिला सुरक्षा सहयोगी समिति ने बांटी छतरियां

पाली : भीषण गर्मी के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से महिला सुरक्षा सहयोगी समिति पाली की टीम ने सराहनीय पहल करते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर ठेला संचालकों को छतरियां वितरित कीं। इस दौरान करीब 11 जरूरतमंद ठेला चालकों को धूप से बचाव के लिए छायादार छतरियां प्रदान की गईं।
समिति अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए मेहनतकश वर्ग के लोगों को राहत देने के लिए यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि शहर के अलग-अलग स्थानों पर जाकर ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें छतरियां उपलब्ध करवाई गईं, जिससे वे अपने काम के दौरान तेज धूप से बच सकें।

समिति सचिव अचला शर्मा ने बताया कि महिला सुरक्षा सहयोगी समिति समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सक्रिय है। गर्मी के मौसम में पक्षियों के लिए परिंडे लगाना, राहगीरों के लिए पानी के कैम्पर की व्यवस्था करना जैसे कई सेवा कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं।
इस सेवा कार्य में कमला शर्मा, शैफाली मेहता, शुभम मिश्रा, हंसा डागर, पिंकी वैष्णव, दिलीप आर्य सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। समिति के इस प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की।



