जोधपुर मंडल के 11 रेलवे स्टेशनों पर लगेंगी लिफ्ट, 16.37 करोड़ की मंजूरी

जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंडल के 11 रेलवे स्टेशनों पर लिफ्ट लगाने के लिए रेलवे ने 16.37 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। योजना के तहत प्रत्येक स्टेशन पर दो-दो लिफ्ट स्थापित की जाएंगी, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यह पहल खासतौर पर बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखकर की गई है। वर्तमान में कई छोटे और मध्यम श्रेणी के स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म पार करने के लिए केवल फुटओवर ब्रिज ही उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में परेशानी होती है।
इस योजना में शामिल स्टेशनों में सालावास, हनवंत, लूनी, दुदिया, अजित, समदड़ी, मोकलसर, बिशनगढ़, रानीवाड़ा, मोदरान और धनेरा स्टेशन शामिल हैं। सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार इन स्टेशनों पर लिफ्ट स्थापना की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। पहले चरण में तकनीकी सर्वे, डिजाइन और टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य आरंभ होगा।
रेलवे द्वारा स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर लगातार जोर दिया जा रहा है। लिफ्ट सुविधा शुरू होने से प्लेटफॉर्म के बीच आवाजाही आसान होगी, दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और विशेष रूप से दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों को राहत मिलेगी।
जोधपुर मंडल में हाल के वर्षों में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं। लिफ्ट स्थापना की यह योजना भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे छोटे स्टेशनों को भी आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा सके।



