पाली में “कैरियर कम्पास” कार्यक्रम, कलेक्टर ने विद्यार्थियों को दी सफलता की दिशा
125 से अधिक छात्रों ने लिया भाग, विशेषज्ञों ने करियर विकल्पों पर किया मार्गदर्शन

पाली : भारतीय जैन संगठना (BJS) के तत्वावधान में तेरापंथी सभा भवन में आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम “कैरियर कम्पास” उत्साह और ऊर्जा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में करीब 125 से 150 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने भविष्य को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण पाली जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी करियर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मजबूत इरादों और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनके संबोधन से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ।

कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ताओं के रूप में सीए बी.आर. जैन, एडीईओ प्रवीण जांगिड़, सहायक प्रोफेसर डॉ. श्रवण सिंह राजपुरोहित, व्याख्याता संजीव शर्मा, सहायक प्रोफेसर सुरभि उपाध्याय एवं प्रधानाचार्य दिलीप कुमावत ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, चुनौतियों और अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला विंग सचिव दीपमाला सिंघवी के मंगलाचरण से हुई। अध्यक्षीय संबोधन में उषा अखावत और अमरचंद बोहरा ने अतिथियों व विद्यार्थियों का स्वागत किया। मंच संचालन संयोजक टीम महेंद्र बंब, अक्षय डागा और राजू सर द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया।
इस दौरान प्रमोद भंसाली ने अपनी त्वरित रचित कविता से कार्यक्रम में ऊर्जा का संचार किया। आयोजन की व्यवस्थाओं का सफल संचालन सचिव बसंत सोनीमंडिया द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में रमेशचंद बरडिया, राजू मेड़तिया, नेमीचंद अखावत, विकास बुबकिया, सनी चौरड़िया, भुरचंद तातेड़, प्रकाश कांकरिया, अंकित पारख, ऋषभ गांधी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए न केवल करियर मार्गदर्शन का मंच बना, बल्कि उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति आत्मविश्वास और स्पष्ट दिशा भी प्रदान कर गया।



