भीषण गर्मी का असर, पाली में स्कूल टाइमिंग बदली, अब सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक ही लगेंगी कक्षाएं

पाली : जिले में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने रविवार को आदेश जारी कर सोमवार (27 अप्रैल) से स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार पाली जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अब स्कूल का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था आंगनबाड़ी केंद्रों और बाल वाटिका के बच्चों पर भी लागू होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह समय केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा, जबकि शिक्षकों को निर्धारित समयानुसार विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) को निर्देश दिए गए हैं कि वे मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से इस आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित करें।
आदेश में यह भी चेतावनी दी गई है कि निर्देशों की अवहेलना करने वाले स्कूलों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पाली जिले में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में हीट वेव (लू) की चेतावनी जारी की है, जिससे आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी, हल्के कपड़े और जरूरी सावधानियों के साथ ही स्कूल भेजें।



