हज 2026 की रवानगी शुरू, जयपुर हज हाउस में पाली के खिदमतगारों ने निभाई अहम भूमिका, यात्रियों को दी विदाई

पाली : मुकद्दस हज 2026 के लिए प्रदेशभर से हज यात्रियों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया है। इस पावन अवसर पर जयपुर स्थित हज हाउस में पाली जिले के स्टेट हज कमेटी ट्रेनर आमीन अली रंगरेज और खिदमतगार अमजद अली अल्फ़ाज़ ने तीन दिवसीय सेवा देकर हाजियों की मदद में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आमीन अली रंगरेज ने पाली सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हज यात्रियों का जयपुर एयरपोर्ट पर गुलपोशी कर स्वागत किया और उनसे दुआओं की दरख्वास्त की। उन्होंने हज हाउस में इंक्वायरी डेस्क पर यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने, पासपोर्ट रिपोर्टिंग और दस्तावेजों की जांच में सक्रिय सहयोग दिया।

इसके साथ ही हाजियों को बसों के माध्यम से एयरपोर्ट तक पहुंचाने, इमिग्रेशन प्रक्रिया और लगेज व्यवस्था में भी खिदमतगारों ने पूरी तत्परता से सहयोग किया। इस दौरान अमजद अली अल्फ़ाज़ ने भी यात्रियों की रवानगी को सुगम बनाने में अहम योगदान दिया।
आमीन अली रंगरेज ने कहा कि हाजियों के चेहरों पर संतोष और मुस्कान देखना ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान है। उन्होंने सभी यात्रियों के सुरक्षित सफर और हज की कुबूलियत के लिए दुआ की। हज यात्रा के इस पवित्र मौके पर सेवा और समर्पण का यह कार्य समाज में भाईचारे और इंसानियत का संदेश भी दे रहा है।




