धौलपुर : पुलिस की ईमानदारी और तत्परता ने लौटाई महिला की मुस्कान – 3 लाख के गहनों से भरा बैग 24 घंटे में बरामद

धौलपुर : पुलिस ने एक बार फिर ईमानदारी और फुर्ती का परिचय देते हुए पाली निवासी महिला का गहनों से भरा खोया हुआ बैग महज 24 घंटों में ढूंढ निकाला। बैग मिलने पर महिला की खोई हुई मुस्कान लौट आई।
पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए यातायात प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि मनोरमा नामक महिला बाबा विशिनिगीर धाम से दर्शन कर धौलपुर में अपनी बुआ के घर आ रही थीं। बाड़ी से गुलाब बाग और वहां से टैम्पो में बैठकर बस स्टैंड जाते समय उनका बैग टैम्पो में ही छूट गया।

महिला ने बताया कि बैग में करीब 3 लाख रुपए के गहने और अन्य कीमती सामान था। शिकायत मिलने पर कॉन्स्टेबल योगेंद्र और चेतन मीणा को जांच सौंपी गई। दोनों ने अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी कैमरों की मदद से टैम्पो की पहचान की और ड्राइवर से संपर्क किया।
ड्राइवर ने ईमानदारी दिखाते हुए बैग सुरक्षित होने की जानकारी दी। पुलिस ने महिला को साथ ले जाकर ड्राइवर से बैग बरामद किया। बैग में रखा सारा सामान सुरक्षित मिला।
मनोरमा ने पुलिस की तत्परता और ईमानदारी की सराहना करते हुए धन्यवाद जताया। इस कार्य ने पुलिस की सकारात्मक छवि को और सशक्त किया है।



