स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26, सोजत में तैयारी तेज, QR कोड से नागरिकों से मांगा जा रहा फीडबैक

पाली : सोजत नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। नगर की रैंकिंग बेहतर बनाने के उद्देश्य से अब नागरिकों से सीधे फीडबैक लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिसके लिए QR कोड और ऑनलाइन लिंक जारी किया गया है।
पालिका प्रशासन द्वारा स्वच्छता साथियों और अधिकारियों के माध्यम से शहरवासियों को अधिक से अधिक संख्या में फीडबैक दर्ज करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में नागरिकों की राय अहम होती है, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था का सही मूल्यांकन किया जाता है।

अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर ने बताया कि पालिका द्वारा विभिन्न माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि आमजन इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सोजत को स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर स्थान दिला सकें।
इस दौरान सहायक अभियंता विजय सिंह चौहान ने स्वच्छ सर्वेक्षण से जुड़ी विस्तृत जानकारी स्वच्छता साथियों और जमादारों के साथ साझा की। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर दिनेश उज्ज्वल ने फीडबैक प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाते हुए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के उपाय बताए।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य निरीक्षक पूनमचंद, एमआईएस इंजीनियर गोविंद चौहान सहित नगर पालिका के कर्मचारी, स्वच्छता साथी और जमादार मौजूद रहे। प्रशासन ने विश्वास जताया कि सोजतवासी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर नगर को स्वच्छता में नई पहचान दिलाएंगे।



