google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

बालिका शिक्षा से बनेगा सशक्त समाज, रोहट में छात्रावास भवन लोकार्पण पर राज्यपाल का बड़ा संदेश

चेंडा गांव में गुरुकुल कन्या महाविद्यालय के नए छात्रावास का उद्घाटन, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ पर दिया जोर

पाली : बालिका शिक्षा को समाज की प्रगति की आधारशिला बताते हुए हरिभाउ बागडे ने कहा कि जब एक बालिका शिक्षित होती है तो दो परिवार शिक्षित होते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को बेहतर शिक्षा देने का आह्वान किया, जिससे समाज और देश मजबूत बन सके।

राज्यपाल बागडे बुधवार को पाली जिले के रोहट क्षेत्र के चेंडा गांव में स्थित गुरुकुल कन्या महाविद्यालय के नवनिर्मित छात्रावास भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और अपनी प्रतिभा से देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

उन्होंने गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और नैतिक मूल्यों की जड़ें इसी प्रणाली में निहित हैं। उन्होंने साध्वी भगवती बाई के योगदान को नमन करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से संस्कारित और शिक्षित समाज का निर्माण होता है।

राज्यपाल ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना का जिक्र करते हुए कहा कि समाज को बेटियों को बोझ मानने की मानसिकता से बाहर निकलना होगा। उन्होंने भारतीय संस्कृति में महिलाओं के सम्मान को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारे धर्म में महिलाओं को देवी स्वरूप माना गया है।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद राज्यपाल ने छात्रावास भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी एवं पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, वहीं पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

समारोह में सिरोही सांसद लूंबाराम चौधरी, पूर्व सांसद देवजी पटेल, पूर्व मंत्री अमराराम, पाली विधायक भीमराज भाटी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महाविद्यालय स्टाफ, छात्राएं एवं आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल एक भवन के लोकार्पण का अवसर रहा, बल्कि बालिका शिक्षा और सामाजिक सोच में बदलाव का मजबूत संदेश भी दे गया।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button