google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में सीएम भजनलाल शर्मा का बड़ा ऐलान, बालिका शिक्षा को मिलेगा नया बल, जल योजनाओं पर भी फोकस

रोहट में कन्या महाविद्यालय भवन का लोकार्पण, 10वें स्थापना दिवस समारोह में शिक्षा, रोजगार और विकास पर सरकार का रोडमैप

पाली : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान बालिका शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार बेटियों को उच्च शिक्षा तक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को पाली जिले के रोहट स्थित श्री राजेश्वर भगवान आंजणी माता कन्या गुरुकुल संस्थान में नवनिर्मित कन्या महाविद्यालय भवन के लोकार्पण और गुरुकुल के 10वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय क्षेत्र की बालिकाओं के लिए शिक्षा के नए अवसर खोलेगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाएगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जल समस्या के समाधान के लिए डीपीआर तैयार कराने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप युवा, महिला, किसान और मजदूरों के विकास को केंद्र में रखकर व्यापक रोडमैप तैयार किया है, जिसमें बिजली-पानी और आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिसे वर्ष 2027 तक पूरे राजस्थान में लागू किया जाएगा। उन्होंने रोजगार के मोर्चे पर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि अब तक 1.25 लाख सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.33 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब तक एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है और युवाओं का भरोसा बहाल किया गया है। साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं—जैसे उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन—का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं की गरिमा और जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 में किसानों और पशुपालकों को भाग लेने का आमंत्रण भी दिया।

इस अवसर पर गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर भाई चौधरी, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, आरएसएस क्षेत्रीय प्रचारक निम्बाराम सहित कई जनप्रतिनिधियों और संत-महात्माओं ने भी बालिका शिक्षा और संस्कार आधारित शिक्षा प्रणाली की सराहना की।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई और मुख्यमंत्री ने आंजणी माता मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, गुरुकुल की छात्राएं और आमजन मौजूद रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button