पाली में मोबाइल टॉवर का विरोध, रहवासी इलाके में टॉवर लगाने पर भड़के लोग, कलेक्टर-निगम को सौंपा ज्ञापन

पाली : शहर के वार्ड संख्या 23 स्थित मरुधर नगर के निवासियों ने टैगोर नगर लिंक रोड पर भूतेश्वर महादेव मंदिर के पास प्रस्तावित मोबाइल टॉवर का कड़ा विरोध जताया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी कलेक्ट्रेट और नगर निगम कार्यालय पहुंचे और जिला कलेक्टर व नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर टॉवर लगाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घनी आबादी वाले क्षेत्र में मोबाइल टॉवर स्थापित होने से रेडिएशन के कारण स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं। साथ ही आंधी-तूफान के दौरान टॉवर गिरने का खतरा भी बना रहेगा, जिससे आसपास के मकानों को भारी नुकसान हो सकता है।
निवासियों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल के पास ही महादेव मंदिर मात्र 10 मीटर दूरी पर स्थित है, जबकि 30-35 मीटर दूरी पर एमटीपी स्कूल संचालित है, जहां सैकड़ों बच्चे पढ़ते हैं। इसके अलावा क्षेत्र में जैन मंदिर और उपासरा भी हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बिना वैधानिक अनुमति के टॉवर लगाया जा रहा है। साथ ही उच्चतम न्यायालय और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्कूल, अस्पताल और धार्मिक स्थलों के 100 मीटर के दायरे में मोबाइल टॉवर स्थापित नहीं किया जा सकता, लेकिन यहां इन नियमों की अनदेखी की जा रही है।
मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से टॉवर का कार्य रुकवाने और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि टॉवर लगाने वाली कंपनी के कर्मचारियों से कई बार निवेदन किया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इस दौरान युवा नेता ताराचंद चंदनानी, अजित लोढ़ा, राकेश लिम्बा, प्रवीण तलेसरा, रमेश व्यास सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी—महिलाएं और पुरुष—मौजूद रहे। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।




