भीषण गर्मी में राहत, पाली के बालिका विद्यालय को भामाशाह परिवार ने भेंट किया वॉटर कूलर

पाली : शहर के सर्वोदय नगर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को अब भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। विद्यालय में शीतल पेयजल की कमी को देखते हुए महिला सुरक्षा सहयोगी समिति की पहल पर एक भामाशाह परिवार ने वॉटर कूलर भेंट किया।
समिति के संस्थापक कुलदीप पंवार ने बताया कि स्कूल में ठंडे पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने की जानकारी मिलने पर बाहेती परिवार से संपर्क किया गया। इस पर डॉ. एन.के. बाहेती परिवार ने स्वर्गीय डॉ. एम.एल. बाहेती एवं भंवरी देवी बाहेती की स्मृति में विद्यालय को बड़ा वॉटर कूलर भेंट कर सराहनीय योगदान दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता जोनवाल ने कहा कि गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों के लिए शुद्ध और ठंडा पेयजल सबसे बड़ी आवश्यकता होती है। इस पहल से छात्राओं को अब पर्याप्त मात्रा में ठंडा पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उनके स्वास्थ्य और पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने भामाशाह परिवार के सदस्यों—डॉ. एन.के. बाहेती, मधु बाहेती, रूचिर बाहेती, सुरेंद्र पारख, शानू पारख, पूजा बाहेती और अविशी—का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर आर.डी. वैष्णव, वैभव सहित विद्यालय स्टाफ भी मौजूद रहा।
यह पहल समाज में शिक्षा और सेवा के प्रति जागरूकता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।



