पाली : 6 से 8 मई तक झूलेलाल मंदिर में भव्य मूर्ति स्थापना महोत्सव, तैयारियां तेज
शोभायात्रा, प्राण प्रतिष्ठा और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजेगा शहर, सिंधी समाज में उत्साह

पाली : शहर में स्थित श्री झूलेलाल ठकुर आसनलाल मंदिर में 6, 7 और 8 मई को तीन दिवसीय भव्य मूर्ति स्थापना महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन भगवान झूलेलाल के 24वें वंशज ब्रह्मलीन सूर्यवंशी ठकुर सांई आसनलाल साहिब के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहा है, जिसमें 25वें वंशज ब्रह्मलीन सूर्यवंशी परम पूज्य ठकुर सांई ओमलाल साहिब जी की मूर्ति की स्थापना की जाएगी।
आयोजन को लेकर मंदिर परिसर और पूरे क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम के तहत मूर्ति पूजा, भव्य शोभायात्रा, हवन-पूजन, प्राण प्रतिष्ठा एवं पूज्य बहिराणा साहिब सहित कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

आयोजन समिति के अनुसार मंदिर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया जाएगा, वहीं मेला प्रांगण में भी भव्य सजावट की जाएगी। सिंधी कॉलोनी से पी एंड टी कॉलोनी स्थित मंदिर तक जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए जाएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बनेगा।
इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए समाज के सेवादारों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और सभी श्रद्धा व समर्पण भाव से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
तीन दिवसीय यह आयोजन आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।



