जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति पर जोर, गर्मी में पानी-बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

पाली : जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला कलक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में बजट घोषणाओं, स्व-गणना अभियान, फ्लैगशिप योजनाओं, संपर्क 181 और राजउन्नति कार्यक्रमों को लेकर संबंधित अधिकारियों को गति लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान गर्मी के मौसम को देखते हुए पानी और बिजली की उपलब्धता पर विशेष चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को आमजन को निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चिकित्सा विभाग को मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारियों के साथ बांगड़ चिकित्सालय में आवश्यक सुविधाएं सुदृढ़ रखने को कहा गया।

शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों के अभिभावकों से स्व-गणना फॉर्म भरवाने, जर्जर भवनों की मरम्मत, मिड-डे मील और विद्यालयों में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सार्वजनिक निर्माण विभाग को साइनज और सड़क संबंधी कार्यों में सुधार लाने के लिए कहा गया।
नगर निगम, डिस्कॉम और अन्य विभागों को भी अपने-अपने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बांगड़ चिकित्सालय में दवाइयों की उपलब्धता, कूलर-पंखों की व्यवस्था और नि:शुल्क जांच सेवाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया गया। वन विभाग को ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत पौधारोपण की तैयारियां करने को कहा गया, जबकि कृषि एवं बागवानी विभाग को भी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को पेंशन सत्यापन तथा उद्योग विभाग को विभिन्न योजनाओं, विशेषकर विश्वकर्मा योजना की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही पोषण अभिसरण समिति की बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों के सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर उसे प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत, शौचालय निर्माण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


