google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली में गूंजी ‘नारी शक्ति’ की आवाज, नारी चौपाल में 300 से अधिक महिलाओं ने जाना अपने अधिकार और योजनाओं का लाभ

पाली : महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को पंचायत समिति सभागार, पाली में भव्य “नारी चौपाल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से आई 300 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर अपने अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा “महिला विकास से महिला नेतृत्व आधारित विकास” की अवधारणा को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम का परिचय देते हुए महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक भागीरथ चौधरी ने कहा कि नारी चौपाल महिलाओं को अपनी बात रखने, समस्याओं पर चर्चा करने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का प्रभावी मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं की शिक्षा, जागरूकता और सशक्तिकरण पर निर्भर करती है।

नारी चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, कृषि दीदी, सोलर सखी, बैंक सखी, स्वयं सहायता समूह, उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना और महिला स्वरोजगार योजनाएं प्रमुख रहीं।

इसके साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत अभियान, साइबर सुरक्षा, एनीमिया नियंत्रण, लिंगानुपात सुधार एवं महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा पोषण, स्वच्छता और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। विशेषज्ञों ने गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

वहीं कानूनी विशेषज्ञों ने घरेलू हिंसा, बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा कानूनों और महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी, जिससे महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत सफल महिला उद्यमियों को डमी चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार सहयोग कर रही है।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित महिलाओं ने समाज से कुरीतियों को समाप्त करने, बाल विवाह रोकने, बेटियों को शिक्षा से जोड़ने और महिला सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेंद्र सिंह मेहता, उपखंड अधिकारी विमलेन्द्र राणावत, विभिन्न विभागों के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधियां और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसी क्रम में जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर भी नारी चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर सरकारी योजनाओं और अपने अधिकारों की जानकारी प्राप्त की।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button