google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

‘आओ गांव चले’ अभियान को मिला प्रवासी पालीवासी का साथ, 11 सरकारी स्कूलों के 100 बच्चों को मिली स्टडी डेस्क

पाली : जिला कलक्टर की पहल पर संचालित “आओ गांव चले” अभियान के तहत शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक और सराहनीय कदम उठाया गया है। अभियान के अंतर्गत ‘प्रोजेक्ट सुलेख’ के तहत प्रवासी पालीवासी एवं सूरत निवासी अनिल समदड़िया के सहयोग से जिले के 11 राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को 100 स्टडी डेस्क वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना और उनकी लेखन क्षमता को विकसित करना है।

स्टडी डेस्क वितरण से विद्यालयों में बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। डेस्क मिलते ही विद्यार्थियों ने अपनी नोटबुक रखकर अध्ययन और लेखन कार्य शुरू किया। शिक्षकों का कहना है कि अब बच्चों को जमीन पर बैठकर लिखने में होने वाली असुविधा से राहत मिलेगी, जिससे उनकी लिखावट में सुधार होगा और नियमित लेखन की आदत भी विकसित होगी।

प्रोजेक्ट सुलेख के तहत राउप्रावि उतवण में 17, राउमावि बोमादड़ा में 2, राउप्रावि सदावास में 9, राउप्रावि बालेलाव में 15, राउप्रावि निम्बला खेड़ा में 5, राउप्रावि पड़ासला कलां में 4, राउप्रावि पड़ासला खुर्द में 4, राउप्रावि आकड़ावास कलां में 5, राउप्रावि राईको की ढाणी (खैरवा) में 6, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय खैरवा में 15 तथा राउप्रावि रामपुरा वडेरवास में 18 स्टडी डेस्क वितरित किए गए।

विद्यालयों के शिक्षकों ने इस पहल को विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बेहतर अध्ययन संसाधनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और सीखने की गुणवत्ता में सुधार आएगा। वहीं अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी इस सहयोग के लिए प्रवासी भामाशाह का आभार व्यक्त किया।

जिला प्रवासी प्रकोष्ठ प्रभारी ने बताया कि “आओ गांव चले” अभियान के माध्यम से प्रवासी पालीवासियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी और अन्य जनहित के कार्यों से जोड़ने का अभियान लगातार जारी है। इच्छुक प्रवासी पालीवासी व्हाट्सएप नंबर 92510-39118 अथवा ई-मेल के माध्यम से जिला प्रशासन से संपर्क कर अपने गांव के विकास में सहयोग दे सकते हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button