ग्रामीण सेवा शिविर बना ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम, मूमल देवी को मिला स्थायी आवास का पट्टा

पाली : राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी पहल के तहत आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 अब ग्रामीणों को मौके पर ही सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। मंगलवार को पाली जिले की ग्राम पंचायत सांपा में आयोजित फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर में एक जरूरतमंद परिवार का वर्षों का इंतजार खत्म हुआ, जब श्रीमती मूमल देवी पत्नी रणताराम भाट को उनके आवास का स्थायी निवास पट्टा सौंपा गया।
पट्टा प्राप्त करते ही मूमल देवी और उनके परिवार के चेहरे खुशी से खिल उठे। वर्षों से अपने आशियाने पर वैधानिक अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे परिवार को अब कानूनी रूप से अपने घर का स्वामित्व मिल गया है। इससे वे भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं, आवास, ऋण, सामाजिक सुरक्षा और अन्य जनकल्याणकारी सुविधाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
ग्रामीण सेवा शिविर में अधिकारियों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर समयबद्ध तरीके से पट्टा जारी किया, जिससे लाभार्थी को बिना किसी अनावश्यक परेशानी के सरकारी सेवा का लाभ मिल सका। लाभार्थी परिवार ने इस पहल को आमजन के लिए बेहद उपयोगी बताते हुए राजस्थान सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी, सरल और त्वरित तरीके से पहुंचाना है। ऐसे शिविरों में भूमि संबंधी मामलों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, प्रमाण-पत्रों, राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे ग्रामीणों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे।



