बाली के रूपाराम का वर्षों पुराना इंतजार खत्म, शहरी सेवा शिविर में मौके पर मिला 69-ए आवासीय पट्टा

पाली : राज्य सरकार की ओर से आयोजित शहरी सेवा फॉलोअप शिविर-2026 आमजन की लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। मंगलवार को नगरपालिका बाली में आयोजित शिविर में एक ऐसा मामला सामने आया, जहां वर्षों से अपने पैतृक भूखंड के पट्टे का इंतजार कर रहे रूपाराम पुत्र हरनाथराम सिरवी को मौके पर ही राहत मिल गई।
रूपाराम ने शिविर में अपने पैतृक भूखंड के 69-ए आवासीय पट्टे के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्राप्त होते ही शिविर प्रभारी एवं अधिशासी अधिकारी महेंद्रसिंह राजपुरोहित के निर्देशन में आवश्यक दस्तावेजों की त्वरित जांच की गई। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मौके पर ही रूपाराम को 69-ए आवासीय पट्टा जारी कर दिया गया।
पट्टा मिलने के बाद रूपाराम की खुशी देखते ही बनी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यह कार्य लंबित था, लेकिन शहरी सेवा शिविर के कारण बिना किसी परेशानी के उनका वर्षों पुराना मामला सुलझ गया। अब उनके पैतृक भूखंड को वैधानिक स्वामित्व प्राप्त हो गया है, जिससे भविष्य में भूमि से जुड़े सभी आवश्यक कार्य और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।
रूपाराम ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्य सरकार और नगरपालिका बाली का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं, जहां एक ही स्थान पर त्वरित और पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
प्रशासन का कहना है कि फॉलोअप शिविरों का उद्देश्य वर्षों से लंबित राजस्व एवं नगर निकाय संबंधी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर नागरिकों को उनके अधिकार समय पर उपलब्ध कराना है। बाली में आयोजित शिविर में भी बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाया।



