पाली के विधायक भीमराज भाटी ने अमेरिका में बढ़ाया राजस्थान का मान, वैश्विक विधायी सम्मेलन में भारत का किया प्रतिनिधित्व

पाली/शिकागो : पाली विधायक भीमराज भाटी इन दिनों अमेरिका के शिकागो में आयोजित वैश्विक विधायी सम्मेलन-2026 (Global Legislative Summit 2026) में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 27 से 29 जुलाई तक McCormick Place, Chicago में आयोजित इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में दुनिया के विभिन्न देशों के जनप्रतिनिधि लोकतंत्र, सुशासन और भविष्य की चुनौतियों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।
भारत की ओर से 14 राज्यों के 34 विधायक, जो 11 विभिन्न राजनीतिक दलों का प्रतिनिधित्व करते हैं, इस सम्मेलन में शामिल हुए हैं। यह प्रतिनिधिमंडल National Legislators’ Conference Bharat (NLC भारत) के सहयोग से सम्मेलन में भाग ले रहा है। NLC भारत भारतीय जनप्रतिनिधियों की क्षमता विकास और उन्हें वैश्विक लोकतांत्रिक मंचों से जोड़ने की दिशा में कार्यरत एक गैर-राजनीतिक संगठन है।

सम्मेलन में विधायक भीमराज भाटी ने कहा कि अपने क्षेत्र और राजस्थान का वैश्विक मंच पर प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंचों से प्राप्त अनुभव और दुनिया की श्रेष्ठ शासन प्रणालियों से मिली सीख को प्रदेश और जनता के हित में उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने NLC भारत और इसके संस्थापक डॉ. राहुल वी. कराड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय विधायकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीखने और संवाद का अवसर उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है।
सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने Artificial Intelligence (AI), Digital Democracy, Cyber Security, Voter Confidence और Policy Innovation जैसे समकालीन विषयों पर आयोजित विभिन्न सत्रों में भाग लिया। साथ ही अमेरिकी विधायी व्यवस्था को समझने और भारतीय मूल के जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद का भी अवसर मिला।
अमेरिका प्रवास के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने शिकागो स्थित Fullerton Hall का भी दौरा किया, जहां वर्ष 1893 में स्वामी विवेकानंद ने विश्व धर्म संसद में अपना ऐतिहासिक संबोधन दिया था। प्रतिनिधिमंडल ने इस ऐतिहासिक स्थल को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और विश्व बंधुत्व के प्रतीक के रूप में याद किया।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत की सक्रिय भागीदारी को लोकतांत्रिक नेतृत्व की वैश्विक उपस्थिति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सम्मेलन में महाराष्ट्र के मंत्री जयकुमार रावल, कर्नाटक के मंत्री एम. आर. मंजूनाथ, एस. टी. कादर सहित कई भारतीय जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे।
पाली विधायक भीमराज भाटी की इस अंतरराष्ट्रीय सहभागिता को जिले और राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल पाली का नाम वैश्विक मंच पर पहुंचा है, बल्कि प्रदेश के जनप्रतिनिधित्व को भी नई पहचान मिली है।



