‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से गूंजा भांगेसर विद्यालय, विद्यार्थियों ने लिया हर पौधे की जिम्मेदारी का संकल्प

पाली : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भांगेसर में मिशन हरियालो राजस्थान के तहत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता का अनूठा संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था प्रधान धर्मेन्द्र पालरिया ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बन चुका है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण मिल सकेगा।

मिशन मानस के प्रभारी रघुवीर सिंह ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह पहल केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पौधे को वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल सुनिश्चित करने का संकल्प भी है।
इस अवसर पर लता कनोजिया एवं कैलाश त्रिवेदी ने वृक्षों के पर्यावरण संतुलन, मानव जीवन और जैव विविधता में योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। वहीं रवि प्रकाश ने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं और उनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
विद्यालय की सह-शैक्षिक गतिविधियों के अंतर्गत कृष्ण कुमार एवं पर्वत सिंह इन्दा ने विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को पौधे आवंटित किए और प्रत्येक छात्र को उसकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी भी सौंपी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता विकसित करना है।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अर्जुन सिंह, इंद्र सिंह, भैराराम, मांगीलाल देवासी, मिश्रीलाल, नाराराम, जगदीश राजपुरोहित, अभिषेक वैष्णव, अभिषेक राजपुरोहित, ओम प्रकाश, पर्वत सिंह भाटी, कमलेश सैन, अनु सिंघल, प्रियंका कात्याल, भागीरथ, भानाराम सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। विद्यालय में आयोजित यह अभियान गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रकृति के प्रति श्रद्धा, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुआ।



