google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

पाली पुलिस के दो जांबाज कॉन्स्टेबल बने हेड कॉन्स्टेबल, बहादुरी और उत्कृष्ट सेवा पर मिला ‘गैलेंट्री प्रमोशन’

पाली। अपराधियों के खिलाफ साहस, सूझबूझ और उत्कृष्ट पुलिसिंग का प्रदर्शन करने वाले पाली जिले के दो पुलिसकर्मियों को राज्य पुलिस मुख्यालय ने बड़ी सौगात दी है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत कोतवाली थाना में तैनात कॉन्स्टेबल दयालराम जाट (बकल नंबर 1445) और सदर थाना में तैनात कॉन्स्टेबल सुरेश चौधरी (बकल नंबर 565) को गैलेंट्री प्रमोशन देते हुए हेड कॉन्स्टेबल पद पर पदोन्नत किया गया है। दोनों पुलिसकर्मियों को अलग-अलग चर्चित मामलों में उनके साहसिक और उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

कोतवाली थाने में तैनात दयालराम जाट मूल रूप से जोधपुर जिले के बिलाड़ा क्षेत्र के निवासी हैं। वर्ष 2011 में राजस्थान पुलिस में भर्ती हुए दयालराम अब तक एसपी कार्यालय, टीपी नगर और कोतवाली थाना सहित विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दे चुके हैं।

सेवा काल के दौरान उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के कई मामलों का सफल खुलासा किया। उनकी सक्रिय कार्यशैली और अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने उन्हें गैलेंट्री प्रमोशन से सम्मानित किया।

सदर थाना में तैनात सुरेश चौधरी मूल रूप से नागौर जिले के डीडवाना के निवासी हैं। वर्ष 2011 में पुलिस सेवा में भर्ती होने के बाद वे औद्योगिक नगर, कोतवाली और वर्तमान में सदर थाने में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

सुरेश चौधरी ने वर्ष 2024 में औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र के भालेलाव गांव में हुए चर्चित मां-बेटी हत्याकांड का खुलासा करने और मुख्य आरोपी को कम समय में गिरफ्तार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा पेट्रोल पंप कर्मचारी की हत्या के आरोपी को पकड़ने में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। इन साहसिक और उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर उन्हें भी गैलेंट्री प्रमोशन देकर हेड कॉन्स्टेबल बनाया गया।

दोनों पुलिसकर्मियों को मिली पदोन्नति से पाली पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने इसे कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट पुलिसिंग का सम्मान बताते हुए दोनों को शुभकामनाएं दी हैं।

गैलेंट्री प्रमोशन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह उन पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा है जो अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा के लिए दिन-रात समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button