google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

ग्राम सेवा शिविर ने बदली घुमंतु परिवार की तकदीर, मौके पर मिला जॉब कार्ड, अब सालभर रोजगार का मिलेगा सहारा

पाली : राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ग्राम सेवा शिविर (फॉलोअप) ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। शुक्रवार को पाली पंचायत समिति की ग्राम पंचायत गिरादड़ा में आयोजित शिविर में एक घुमंतु परिवार को न केवल सरकारी योजना से जोड़ा गया, बल्कि उसकी आजीविका को भी नई मजबूती मिली।

शिविर के दौरान भीकाराम पुत्र कानाराम बंजारा ने अधिकारियों के समक्ष अपने परिवार के लिए जॉब कार्ड जारी करने का अनुरोध किया। आवेदन प्राप्त होते ही अधिकारियों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर मौके पर ही जॉब कार्ड तैयार कर लाभार्थी को सौंप दिया।

जॉब कार्ड जारी होने के बाद भीकाराम के परिवार के पात्र वयस्क सदस्य वीबी-जी राम जी योजना के तहत प्रति वर्ष 125 दिवस के रोजगार के पात्र बन गए हैं। इससे परिवार को नियमित रोजगार के अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे शिविर जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत का माध्यम बन रहे हैं, जहां वर्षों से लंबित कार्य भी कुछ ही समय में पूरे हो रहे हैं।

जॉब कार्ड प्राप्त करने के बाद भीकाराम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर में बिना किसी परेशानी के उनकी समस्या का तत्काल समाधान हो गया। उन्होंने राज्य सरकार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और जिला प्रशासन पाली का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से घुमंतु और जरूरतमंद परिवारों को रोजगार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

प्रशासन का कहना है कि ग्राम सेवा शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से उपलब्ध कराना है। फॉलोअप शिविरों के जरिए लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे और सुशासन की अवधारणा धरातल पर साकार हो रही है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button