google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

10 हजार से शुरू हुआ सफर, अब 50 हजार तक पहुंचा कारोबार, पीएम स्वनिधि योजना ने बदली प्रेम कंवर की जिंदगी

पाली : प्रधानमंत्री पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए आर्थिक मजबूती का आधार बनती जा रही है। पाली शहर की इंद्रा कॉलोनी निवासी प्रेम कंवर इसकी जीवंत मिसाल हैं। सिलाई का छोटा-सा काम करने वाली प्रेम कंवर ने योजना के तहत मिले ऋण का सही उपयोग कर न केवल अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, बल्कि आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।

करीब 40 वर्षीय प्रेम कंवर कई वर्षों से सिलाई कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। सीमित संसाधनों के कारण उनका व्यवसाय आगे नहीं बढ़ पा रहा था। ऐसे समय में उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पहली बार 10 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस राशि से उन्होंने सिलाई कार्य के लिए आवश्यक सामग्री और उपकरण खरीदे तथा कारोबार को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया।

प्रेम कंवर ने योजना के तहत मिली पहली ऋण राशि की सभी किश्तों का समय पर भुगतान किया। उनकी बेहतर ऋण अदायगी को देखते हुए उन्हें दूसरी बार 20 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इस राशि से उन्होंने अपने सिलाई व्यवसाय का विस्तार किया और ग्राहकों की बढ़ती मांग के अनुसार कार्य करना शुरू किया।

लगातार समय पर ऋण चुकाने के कारण अब उन्हें योजना की तीसरी किश्त के रूप में 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ है। इस राशि से वे नई सिलाई मशीनें खरीदने, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री का स्टॉक बढ़ाने तथा अपने व्यवसाय को और अधिक विकसित करने की तैयारी कर रही हैं।

प्रेम कंवर का कहना है कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने उनके छोटे से व्यवसाय को नई पहचान और आर्थिक मजबूती दी है। पहले जहां सीमित संसाधनों के कारण काम बढ़ाना मुश्किल था, वहीं अब वे आत्मविश्वास के साथ अपने कारोबार का विस्तार कर रही हैं।

उन्होंने छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों से अपील की कि वे भी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और समय पर ऋण चुकाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाएं। उनका मानना है कि सही योजना और ईमानदारी से भुगतान करने पर छोटे व्यवसाय भी बड़े स्तर तक पहुंच सकते हैं।

इस अवसर पर प्रेम कंवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा पाली जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह योजना छोटे उद्यमियों के लिए आर्थिक संबल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने वाली पहल साबित हो रही है।

पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पाली जिले में भी अनेक छोटे व्यवसायी आर्थिक सहायता प्राप्त कर अपने रोजगार को सशक्त बना रहे हैं। योजना स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रही है।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button