क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026 का पोस्टर लॉन्च, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए क्रीड़ा भारती का बड़ा अभियान

पाली : खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं में खेल संस्कृति को मजबूत करने के उद्देश्य से क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित बैठक में ‘क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा-2026’ के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक अनिल कुमार, समाजसेवी अनिल भंडारी, क्रीड़ा भारती पाली जिला अध्यक्ष लहरी दास वैष्णव सहित अनेक खेल प्रेमी, शिक्षक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सह प्रांत मंत्री अगराराम चौधरी ने अतिथियों के स्वागत एवं परिचय के साथ की। इस दौरान खेलों के महत्व, युवाओं की भागीदारी और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य वक्ता अनिल कुमार ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण आज अधिकांश लोग उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे समय में नियमित खेलकूद और व्यायाम स्वस्थ जीवन के लिए सबसे प्रभावी उपाय हैं।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करते हैं। नई पीढ़ी को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

जिला प्रमुख मानवेंद्र सिंह ने प्रोजेक्टर के माध्यम से क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस परीक्षा का उद्देश्य खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों में खेलों के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाना है। परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी, जिसमें खेलों से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में भाग लेने के लिए न्यूनतम आयु 12 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रतिभागी मोबाइल, कंप्यूटर या टैबलेट के माध्यम से परीक्षा दे सकेंगे।
क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित इस परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये तथा प्रत्येक प्रांत के विजेताओं के लिए अलग से प्रांत स्तरीय पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। आयोजकों का कहना है कि इस पहल से युवाओं में खेलों के प्रति नई रुचि विकसित होगी और खेल संस्कृति को व्यापक स्तर पर बढ़ावा मिलेगा।
बैठक के दौरान क्रीड़ा भारती के संगठन विस्तार की घोषणा करते हुए बगड़ी ब्लॉक से विनय शर्मा, सोजत ब्लॉक से अवधेश लखावत तथा मारवाड़ ब्लॉक से दुर्गाराम जाट को ब्लॉक मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक) बलवीर सिंह राणावत, गिरधारी लाल सेन, दिलीप कुमावत, विक्रम रील, सोहन शर्मा, दिलीप गहलोत, राज चौधरी, दिनेश त्रिवेदी, आशीष चौधरी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, शिक्षक और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों एवं प्रतिभागियों के लिए भोजन व्यवस्था बीबी कैटर्स के जितेंद्र सिंह राजपुरोहित द्वारा की गई। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष लहरी दास वैष्णव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में भाग लेने का आह्वान किया।



