google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

कलेक्टर की सख्ती जर्जर भवनों, एंटी-लार्वा अभियान और गौशालाओं के सत्यापन पर दिए कड़े निर्देश

पाली, 3 अगस्त। जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने सोमवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग निर्धारित समयसीमा में अपने लक्ष्यों की पूर्ति करें।

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मानसून को देखते हुए जिला कलेक्टर ने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को जिले के जर्जर भवनों और असुरक्षित इमारतों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें खाली कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बरसात के मौसम में डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए चिकित्सा विभाग को एंटी-लार्वा गतिविधियों में तेजी लाने, जनजागरूकता अभियान चलाने और शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को तत्काल समाप्त किया जाए।

पशुपालन विभाग को निर्देश दिए गए कि निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में भेजने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही सभी गौशालाओं का भौतिक सत्यापन और नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाए, ताकि पशुओं को बेहतर संरक्षण मिल सके।

बैठक में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत किए जा रहे पौधरोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग समय पर पूरी करने और पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, जर्जर भवनों, बच्चों की उपस्थिति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहीं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को आधार सीडिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) सहित अन्य विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा लंबित कार्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button