google.com, pub-3021598506696014, DIRECT, f08c47fec0942fa0
Paliदेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानराज्य

निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटा प्रशासन, कलेक्टर ने सभी प्रकोष्ठों को दिए सख्त निर्देश, तैयारियों की समीक्षा

पाली : आगामी नगरीय निकाय चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में सभी निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों, ब्लॉक अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर चुनावी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करते हुए पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनाव कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में मतदान केंद्रों की तैयारियों, संवेदनशील (वर्नेबल) एवं अतिसंवेदनशील (क्रिटिकल) बूथों की पहचान, मतदान दलों के गठन, प्रशिक्षण कार्यक्रम, संचार व्यवस्था तथा चुनावी सामग्री के प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं।

जिला कलेक्टर ने चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लाइसेंसी हथियारों को समय पर जमा कराने की प्रक्रिया, जोनल मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति, वीडियोग्राफी, राजनीतिक दलों की गतिविधियों की निगरानी तथा आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ईवीएम के सुरक्षित संग्रहण, स्ट्रांग रूम की व्यवस्था, मतदान सामग्री के सुरक्षित परिवहन, वाहनों की उपलब्धता, साइनेज, जर्जर भवनों की स्थिति, मतदाता सूची के अद्यतन तथा अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने पाली, सुमेरपुर, बाली, मारवाड़ जंक्शन, सोजत सहित अन्य क्षेत्रों के अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. बजरंग सिंह ने अधिकारियों को चुनावी प्रक्रियाओं में समन्वय बनाए रखने तथा सभी प्रशिक्षण समय पर आयोजित करने के निर्देश दिए। निर्वाचन विभाग के सुरेंद्र जैन ने विभिन्न प्रकोष्ठों की तैयारियों, कार्य विभाजन और चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रभा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, विभिन्न चुनाव प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी, सभी उपखंड अधिकारी तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां चरणबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं।

Rajasthan Today

Related Articles

Back to top button