‘प्रगतिशील पाली अभियान’ में नगर निगम का बड़ा एक्शन, नालियों की सफाई, फॉगिंग और प्लास्टिक पर कार्रवाई तेज

पाली : जिला कलेक्टर के निर्देश पर ‘प्रगतिशील पाली अभियान’ के तहत नगर निगम ने सोमवार को शहरभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था को लेकर बड़ा अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, कचरे के ढेर हटाने, फॉगिंग और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई एक साथ की गई। निगम ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और मच्छरजनित बीमारियों से सुरक्षित बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
नगर निगम प्रशासन ने प्रत्येक स्वच्छता निरीक्षक को अलग-अलग वार्डों की जिम्मेदारी सौंपते हुए दोपहर की विशेष पारी में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान नालियों की गहन सफाई करवाई गई तथा वार्डों में उगी कांटेदार झाड़ियों और बबूल को हटाकर सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा बनाया गया। लंबे समय से पड़े छोटे-बड़े कचरे के ढेरों को भी चिन्हित कर तत्काल हटाया गया।
बरसात के मौसम में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए नालियों में पुराने ऑयल का छिड़काव किया गया तथा विभिन्न क्षेत्रों में फॉगिंग करवाई गई। नगर निगम का उद्देश्य जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों के प्रजनन को रोकना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

स्वच्छता अभियान के दौरान निगम की टीम ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 700 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही 8 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त कर संबंधित लोगों को भविष्य में प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की चेतावनी और समझाइश दी गई। नगर निगम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर के लिए प्लास्टिक का उपयोग कम करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।
अभियान में निवर्तमान वार्ड पार्षदों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भी सक्रिय सहयोग दिया। उनके सुझावों के आधार पर कई क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया और स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें। कचरा नालों, नालियों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने के बजाय केवल डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें।
यदि किसी क्षेत्र में कचरा संग्रहण वाहन नहीं पहुंचता है तो नागरिक इसकी सूचना नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 73000-25332 पर देकर तत्काल समाधान प्राप्त कर सकते हैं।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी ने वार्ड संख्या 2, 7, 10, 14, 21, 29, 33, 36, 39, 50 एवं 53 का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय स्वास्थ्य निरीक्षक प्रथम लोकेश जैन, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक दिलीप कुमार, स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वास्थ्य जमादार एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम का कहना है कि ‘प्रगतिशील पाली अभियान’ के तहत आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न वार्डों में इसी प्रकार विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाएगी।



